Click now

पार्षद के विरोध से नाराज़ नगर निगम ने लगाया कूड़े का ढेर

पार्षद के विरोध से नाराज़ नगर निगम ने लगाया कूड़े का ढेर

श्री न्यूज़ 24 
कपिल शर्मा 

गाजियाबाद

नगर निगम द्वारा मोहम्मद वाटिका में कूड़ा डालने का विरोध करना स्थानीय निवासियों को भारी पड़ गया है।
पार्षद की शिक़ायत से नाराज़ नगर निगम ने क्षेत्र से कूड़ा उठाना बन्द कर दिया।
नगर निगम की इस हरकत से गुस्साए स्थानीय पार्षद और निवासियों ने कूड़ा घर पर विरोध प्रदर्शन करते हुये निगम पर बदले की भावना से काम करने का आरोप लगाया।
नया बस अड्डा मेट्रो स्टेशन के पीछे चमन कॉलोनी के पास मोहम्मद वाटिका है जो कि नगर निगम वार्ड नंबर 92 के अंतर्गत आती है।
सिद्धार्थ विहार में डंपिंग ग्राउंड का विरोध होने के बाद नगर निगम की गाड़ियों ने यहाँ कूड़ा डालना शुरू कर दिया था।
जिसका विरोध करते हुये स्थानीय पार्षद और निवासियों ने निगम की गाड़ियों को यहाँ से खदेड़ दिया था।
कुछ दिन कूड़ा डालना बन्द करने के बाद निगम ने यहाँ फिर से कूड़ा डालना शुरू कर दिया।जिसकी स्थानीय पार्षद मरगूब अहमद ने नगर निगम में शिक़ायत की।पार्षद की शिक़ायत से नाराज़ होकर निगम ने क्षेत्र से ही कूड़ा उठाना बन्द कर दिया।जिससे क्षेत्र में कूड़े का अम्बार लग गया है और निवासियों का जीना दुश्वार हो गया है।
वार्ड 92 के पार्षद मरगूब अहमद ने इस बारे में बताया कि मोहम्मद वाटिका के पास बालिका विद्यालय,समुदाय भवन,मस्जिद-मदरसे के साथ ही हज़ारों की आबादी है।
इसीलिये नगर निगम द्वारा यहाँ डंपिंग ग्राउंड बनाने का विरोध किया गया था।जिसकी मैंने निगम में शिक़ायत की।मेरी शिक़ायत से नाराज़ होकर अब निगम अधिकारियों ने यहाँ कूड़ा उठाने की गाड़ी भेजना भी बन्द कर दिया है।
कूड़ा न उठने से यहाँ कूड़े का ढेर लग गया है।
जिससे यहाँ के लोगों और विद्यालय में पढ़ाने आने वाली अध्यापिकाओं का सांस लेना दूभर हो गया है।
पार्षद ने कहा कि यदि निगम ने बदले की कार्यवाही बन्द करते हुये कूड़ा नही उठाया तो मैं निगम के खिलाफ धरने पर बैठूँगा।
स्थानीय निवासी उस्मान सैफ़ी ने कहा कि यहाँ कूड़ा जमा होने से क्षेत्रवासियों के संक्रमित बिमारी की चपेट में आने का खतरा बन गया है।घर के कूड़े में खाने की चीजें और दूसरी चीजें होती हैं, जिससे बैक्टीरिया फैलने का खतरा रहता है। कूड़े-कचरे से दो तरह से बीमारियां फैल सकती हैं। पहला, कूड़े में पैदा होने वाले बैक्टीरिया पानी के जरिए बॉडी में जा सकते हैं और दूसरा इससे निकलने वाला वायरस हवा के जरिए बॉडी में एंट्री कर सकते हैं। कूड़ा पानी के संपर्क में आने से सड़ने लगता है, जो एक साथ कई बीमारियों को जन्म देता है, फिर चाहे हेपेटाइटिस वायरस हो या बैक्टीरिया।
डॉ शहज़ाद अंसारी ने बताया कि यहाँ गलियों और सड़कों पर कूड़ा पड़ा हुआ है। यह गंदगी बीमारियां फैला सकती है। कूड़े की वजह से बैक्टीरिया फैलने का खतरा है, जॉन्डिस, डायरिया जैसी बीमारियां हो सकती हैं। अगर कूड़ा सड़ने लगे तो इससे बनने वाले केमिकल और गैस से गंभीर बीमारी होने का खतरा है।
प्रदर्शनकारियों में पार्षद मरगूब अहमद,डॉ शहज़ाद अंसारी,उस्मान सैफ़ी,शाहरुख़ सैफ़ी,मोहम्मद आरिफ,मुस्तकीम,इस्माइल और सूफियान आदि शामिल रहे।

No comments